पिथौरागढ़/ धारचूला। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा अपने दो दिवसीय पिथौरागढ़ दौरे के दौरान धारचूला पहुंचे, जहां स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंगलवार शाम धारचूला पहुंचने के बाद मंत्री ने धौली निकेतन तपोवन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।

बुधवार को धारचूला ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने स्थानीय जनता की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार जन समस्याओं के निवारण हेतु गंभीरता से कार्य कर रही है और जनता के विकास हेतु प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने आदि कैलाश यात्रा मार्ग के संबंध में स्थानीय लोगों की परेशानियों के समाधान के लिए शीघ्र मुख्यमंत्री से मुलाकात करने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्थानीय पशु और मत्स्य पालकों के साथ सरकार निरंतर बैठकों के माध्यम से चर्चा कर रही है और उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष शशि थापा ने नगर में गो सदन के लिए आर्थिक स्वीकृति देने और टैक्सी स्टैंड निर्माण के लिए पशुपालन की भूमि को नगर पालिका को हस्तांतरित करने की मांग की। मंत्री ने आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री अशोक नबियाल, भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, रुकुम बिष्ट, संदीप बोरा, कैलाश धामी, महेश गर्ब्याल, पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेश्वरी देवी, बेला शर्मा, लीला धामी, राधा मर्तोलिया, हीरा गुंज्याल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महेंद्र बुदियाल ने किया।