भारतरत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई

पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती घंटाकरण स्थित पंत स्मारक में बड़े धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी विनोद गिरि गोस्वामी, उपजिलाधिकारी मनजीत सिंह, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका राजेंद्र रावत, पंत फाउंडेशन के संयोजक और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री महेंद्र सिंह लुंठी सहित कई अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने पंडित पंत के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान जिलाधिकारी विनोद गिरि गोस्वामी ने पंडित पंत के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए, जिसके फलस्वरूप आज उत्तराखंड समेत पूरे देश में उनके नाम पर कई शिक्षण और चिकित्सा संस्थान स्थापित हैं। उन्होंने सभी से पंडित जी के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद और नगर निगम की मेयर कल्पना देवलाल ने भी पंडित पंत द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। पंत फाउंडेशन के संयोजक महेंद्र सिंह लुंठी और पूर्व पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इसके बाद, उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन द्वारा नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों, और संस्कृति, चिकित्सा, शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। खेल विभाग की ओर से क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने रामलीला मैदान से प्रभात फेरी निकाली, जिसका समापन पंत स्मारक पर हुआ। नगर निगम सभागार में विद्यार्थियों के लिए निबंध और भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं, राज्य आंदोलनकारियों और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता जुगल किशोर पांडे ने किया।