आपदा से प्रभावित परिवारों को तुरंत खाद्यान्न और राहत सामग्री पहुंचाई जाए: जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने आज सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले की सभी तहसीलों में आपदा से प्रभावित परिवारों को तुरंत खाद्यान्न और राहत सामग्री पहुंचाई जाए। यह सामग्री उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उत्तराखंड (कुमाऊं मंडल) के आपदा प्रभावित जिलों के लिए भेजी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिथौरागढ़ को कुल 900 राशन किट, 500 लाईया (परमल) बैग, 900 आलू बैग, 900 तिरपाल, 900 बाल्टी और 900 मग प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने वितरण प्रक्रिया को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। सभी तहसीलों को निर्देश दिया गया है कि वे वितरित की गई सामग्री का रिकॉर्ड एक रजिस्टर में विधिवत रूप से दर्ज करें। सामग्री की जांच वितरण से पहले की जाए और प्रत्येक लाभार्थी का नाम और पता रजिस्टर में अंकित किया जाए। रजिस्टर की एक प्रति और वितरित सामग्री की सूची जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजना अनिवार्य है।
डीएम ने यह भी जानकारी दी कि धारचूला, मुनस्यारी, बंगापानी और तेजम तहसीलों के लिए राहत सामग्री आज ही वाहनों से भेज दी गई है और बाकी तहसीलों में भी जल्द ही सामग्री पहुंचा दी जाएगी।
इस दौरान, जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, सभी तहसीलदार, जिला पूर्ति अधिकारी और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को राहत सामग्री के वितरण की निगरानी और आवश्यक कार्रवाई के लिए विशेष रूप से निर्देशित किया।