देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान उन्होंने 22 सितंबर से देशभर में लागू होने वाली नई GST दरों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने इस ‘ऐतिहासिक निर्णय’ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
नई दरें आम जनता और व्यापारियों के लिए फायदेमंद
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारिक समुदाय तक तेज़ी से पहुँचे, इसके लिए प्रदेश में एक बड़ा जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे 22 से 29 सितंबर तक अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। इस दौरान प्रभारी मंत्री अपने जिलों में और विधायक अपनी विधानसभाओं में इस अभियान का नेतृत्व करेंगे।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि GST की संशोधित दरों से राज्य की अर्थव्यवस्था को मज़बूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की दिशा में उत्तराखंड को आगे बढ़ाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से उत्तराखंड के अंब्रेला ब्रांड “हाउस ऑफ हिमालयाज” और GI टैग प्राप्त 27 उत्पादों का ज़िक्र किया। साथ ही, उन्होंने कहा कि ‘एक जनपद दो उत्पाद’ योजना और अन्य स्थानीय हस्तशिल्प एवं कृषि उत्पादों को भी नए कर ढांचे से बढ़ावा मिलेगा। इससे स्वरोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और ‘आत्मनिर्भर उत्तराखंड’ का सपना साकार होगा।
जनभागीदारी पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जागरूकता अभियान सिर्फ़ प्रचार तक सीमित न रहे, बल्कि इसमें आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित हो। इसके लिए नुक्कड़ नाटक, लोकगीत और अन्य सांस्कृतिक माध्यमों का उपयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि GST की नई दरें लागू होने से व्यापार करना आसान होगा और इससे उपभोक्ता व निर्माता दोनों को लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से इस अभियान को ‘जन-अभियान’ का रूप देने का आग्रह किया।
इस बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नई GST दरों से होने वाले लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या सहित कई विधायक और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
