जिलाधिकारी गोस्वामी ने प्रशिक्षु अधिकारियों से साझा किए पिथौरागढ़ के प्रशासनिक अनुभव, क्षेत्रीय चुनौतियों पर हुई चर्चा

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने आज देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें उन्होंने अधिकारियों से उनके जनपद पिथौरागढ़ भ्रमण के अनुभवों की जानकारी ली।
बैठक के दौरान, जिलाधिकारी ने प्रशिक्षु अधिकारियों से जनपद में उनके भ्रमण, प्रशासनिक कार्यों की समझ, विकास कार्यों की समीक्षा तथा क्षेत्रीय चुनौतियों के संदर्भ में विस्तार से संवाद किया।
जिलाधिकारी गोस्वामी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बताया कि पिथौरागढ़ जनपद भौगोलिक दृष्टि से अति संवेदनशील है और सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां प्रशासनिक दक्षता और तत्परता की अत्यधिक आवश्यकता होती है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, आपदा प्रबंधन तथा जन सहभागिता से जुड़े विषयों पर भी अवगत कराया और उनके महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और जनपद में मिले सहयोग व क्षेत्र की विविधताओं की सराहना की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पिथौरागढ़ भ्रमण से उन्हें जमीनी स्तर पर कार्य करने की गहन समझ मिली है, जो उनके आगामी प्रशासनिक जीवन में उपयोगी सिद्ध होगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।