पिथौरागढ़ को मिला नया ‘कप्तान’: धामी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, आशीष कुमार भटगाई बने जिलाधिकारी पिथौरागढ़
देहरादून। दिवाली से ठीक पहले उत्तराखंड की धामी सरकार ने प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 44 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को इधर से उधर किया है। इसी क्रम में, पिथौरागढ़ जिले की कमान अब अनुभवी अधिकारी आशीष कुमार भटगाई के हाथों सौंप दी गई है। भटगाई इससे पहले बागेश्वर के जिलाधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे, जहां उनके कार्यकाल में कई विकास परियोजनाएं सफल रहीं।
प्रशासनिक गलियारों में इस बदलाव को राज्य सरकार की चुनावी वर्ष से पहले प्रशासन को ‘चुस्त-दुरुस्त’ करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। सरकार की नीति स्पष्ट है: अनुभवी और ऊर्जावान अधिकारियों को नई और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां देना, ताकि विकास कार्यों में गति लाई जा सके।
गोस्वामी को मिली बहुआयामी जिम्मेदारी
पिथौरागढ़ के निवर्तमान जिलाधिकारी विनोद कुमार गोस्वामी का स्थानांतरण देहरादून कर दिया गया है, जहां उन्हें अपर सचिव-शहरी विकास विभाग, निदेशक शहरी विकास निदेशालय, देहरादून की अहम जिम्मेदारियां सौंपना, उनके व्यापक प्रशासनिक अनुभव और क्षमताओं पर सरकार के भरोसे को दर्शाता है।
माना जा रहा है कि भटगाई के आने से पिथौरागढ़ में विकास योजनाओं को नई रफ्तार मिलेगी। वहीं, आगामी चुनावों के मद्देनजर प्रशासन को सुव्यवस्थित करने की भी उनसे बड़ी अपेक्षा रहेगी। ट्रांसफर आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नया पदभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

