आठगांव शिलिंग मेला महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, 27 से 29 अक्टूबर तक होगा भव्य आयोजन

पिथौरागढ़। आठगांव शिलिंग में दिनाँक 27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले आठगांव शिलिंग मेला महोत्सव को भव्य, दिव्य और आकर्षक रूप से आयोजित करने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ग्रामोत्थान समिति आठगांव शिलिंग के अध्यक्ष गोपाल सिंह वल्दिया की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण योजना बैठक में तीन दिवसीय आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया और विभिन्न समितियों का गठन कर सभी की जिम्मेदारियां सुनिश्चित की गईं। बैठक में क्षेत्र के सभी गाँवों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
समिति के अध्यक्ष गोपाल सिंह वल्दिया ने बताया कि आठगांव मेला महोत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए क्षेत्र के सभी लोगों से रायशुमारी के बाद कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। महोत्सव में विद्यालयी बच्चों के कार्यक्रम और घरेलू गृहणियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारम्भ
महोत्सव का शुभारम्भ 27 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे एक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। उन्होंने बताया कि मेले में पहले दिन के.के. म्यूजिकल ग्रुप द्वारा सरस्वती वंदना के साथ विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी।
नामचीन कलाकार देंगे प्रस्तुति
मेले में दर्शन फर्शवाण, गोविन्द दिगारी, ख़ुशी जोशी, इन्दर आर्या, फ़ौजी ललित मोहन जोशी, चंद्र प्रकाश, माया उपाध्याय, सुरेश प्रसाद सुरीला जैसे बड़े कलाकारों के द्वारा प्रतिभाग किया जाना है, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।
बैठक में बिरेंद्र सिंह बिष्ट, भूपाल सिंह वल्दिया, पूर्व जिला पंचायत सदस्य तिलक जोशी, कृपाल सिंह वल्दिया, गौरव विष्ट, बिक्रम चंद, प्रभु जोशी, अध्यक्ष रामलीला कमेटी शिलिंग शंकर दत्त तिवारी, समाजसेवी प्रकाश जोशी, लोक कवि जनार्दन उप्रेती, सूबेदार मेजर गोविन्द सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधान देवदार हर सिंह वल्दिया, सी.एम. पांडे, महेन्द्र सिंह वल्दिया समेत दर्ज़ेनों लोग उपस्थित रहे।