जिलाधिकारी ने रोके अधीक्षण अभियंता विद्युत का वेतन, अनुपस्थिति और लापरवाही पर सख्त नाराजगी; बोले – जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में आज आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आमजन से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। इस दौरान एक शिकायत के मामले में जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग की बिना अनुमति जनपद मुख्यालय से बाहर जाने और बैठक में अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी भटगांई ने अधिकारियों को हिदायत दी कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि एक ही शिकायत दोबारा जनसुनवाई में प्रस्तुत न हो।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता पर गिरी गाज
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। विद्युत विभाग से संबंधित एक मामले पर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता की बैठक में अनुपस्थिति और बिना अनुमति जनपद मुख्यालय से बाहर जाने पर सख्त नाराज़गी जताई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारी का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दोहराया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता, उत्तरदायित्व और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर विशेष फोकस
भटगांई ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल (1905) पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी शिकायत बंद करने से पूर्व शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
जनता मिलन कार्यक्रम में एडीएम योगेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर मनजीत सिंह, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।