पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पिथौरागढ़ में आयोजित “अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025” के उपलक्ष्य में सहकारिता मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद की 85.14 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिसमें 23.16 करोड़ रुपये के शिलान्यास कार्य और 61.98 करोड़ रुपये के लोकार्पण कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री धामी के पिथौरागढ़ पहुंचने पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
मेले का उद्घाटन और स्टॉलों का निरीक्षण
इसके उपरांत मुख्यमंत्री देव सिंह मैदान में आयोजित सहकारिता मेले में पहुंचे और दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने विभागीय और सहकारी संस्थाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया और 28 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को चेक वितरण किया।
जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकार्पित और शिलान्यास की गई योजनाएं पिथौरागढ़ के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने सहकारिता की परंपरा को भारत में प्राचीन बताते हुए कहा कि यह परस्पर सहयोग से स्वावलम्बी बनाने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2025 को “अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष” घोषित किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘सहकार से समृद्धि’ के स्वप्न को साकार करने के लिए अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन किया, जो अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता आंदोलन को सशक्त बनाने के लिए काम कर रहा है।


उत्तराखंड में सहकारिता का सशक्तिकरण
👉 कंप्यूटरीकरण: देश में बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियों के कंप्यूटरीकरण का कार्य उत्तराखंड से शुरू हुआ और प्रदेश की सभी 671 सहकारी समितियों का कंप्यूटरीकरण पूर्ण हो चुका है।
👉 सेवा केंद्र: राज्य की 24 समितियाँ जन औषधि केंद्र और 640 समितियाँ कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में कार्य कर रही हैं।
👉 डेटाबेस: राज्य की 3838 समितियों का डेटा राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस पर अपलोड हो चुका है।
👉 नई समितियां: फरवरी 2023 से अब तक 800 नई पैक्स, 248 नई डेयरी समितियाँ और 116 मत्स्य समितियाँ गठित की गई हैं।
👉मिलेट मिशन: उत्तराखंड सहकारी संघ द्वारा मिलेट मिशन योजना के तहत इस वर्ष मण्डुवा की खरीद 48.86 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की जा रही है।
ब्याजमुक्त ऋण:
👉 दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत किसानों और स्वयं सहायता समूहों को कृषि कार्यों हेतु 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है।
👉 लघु एवं सीमांत किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से 1 लाख रुपये का ब्याजमुक्त फसली ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
👉 जनता का भरोसा: सहकारी बैंकों में 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की जमापूंजी है, जो जनता के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
👉 महिला सशक्तिकरण: प्रदेश की 1 लाख 70 हजार से अधिक बहनें “लखपति दीदी” बनकर महिला सशक्तिकरण की दिशा में नया इतिहास रच चुकी हैं।
पिथौरागढ़ में विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी:
👉 मेडिकल कॉलेज: 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण।
👉 स्पोर्ट्स कॉलेज: 34 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण।
👉 स्टेडियम: विकासखंड बेरीनाग में एक भव्य स्टेडियम का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
👉 परिवहन: अस्कोट, गंगोलीहाट और धारचूला में नए बस स्टेशनों के निर्माण के साथ ही पिथौरागढ़ में रोडवेज वर्कशॉप का निर्माण।
👉 सड़कें: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 327 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य गतिमान है।
👉 हवाई सेवा: पिथौरागढ़ को हल्द्वानी, देहरादून और दिल्ली से हवाई सेवा द्वारा जोड़ा गया है। पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक स्वरूप में विकसित करने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया और योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, मेयर पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल, अध्यक्ष जिला पंचायत पिथौरागढ़ जितेन्द्र प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं स्थानीय जनता उपस्थित रही।
