मोदी 9 नवंबर को उत्तराखंड में देंगे ₹8260 करोड़ का तोहफा, रजत जयंती समारोह में करेंगे दो बड़े बांध परियोजनाओं का शिलान्यास

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 9 नवंबर को देहरादून पहुंचेंगे। एफआरआई (वन अनुसंधान संस्थान) में आयोजित रजत जयंती समारोह में प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस मौके पर वह ₹8260 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री इस दौरान एक स्मारक डाक टिकट भी जारी करेंगे और जनसमूह को संबोधित कर राज्य के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे।
जल सुरक्षा के लिए दो महापरियोजनाओं का शिलान्यास
राज्य की पेयजल और सिंचाई समस्याओं को दूर करने के लिए पीएम मोदी दो सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे:
👉सोंग बांध पेयजल परियोजना (देहरादून): यह परियोजना देहरादून के लिए वरदान साबित होगी। इसके पूर्ण होने पर शहर को प्रतिदिन 150 एमएलडी शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
👉जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना (नैनीताल): यह परियोजना न केवल पेयजल और सिंचाई आपूर्ति सुनिश्चित करेगी, बल्कि बिजली उत्पादन में भी सहायक होगी, जिससे क्षेत्र की ऊर्जा जरूरतें पूरी होंगी।
इन अहम क्षेत्रों को मिलेगी गति
₹8260 करोड़ की ये परियोजनाएं पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे प्रमुख क्षेत्रों से संबंधित हैं।
शिलान्यास की अन्य परियोजनाएं:
* चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना।
* नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र।
* राज्य के विभिन्न हिस्सों में विद्युत सबस्टेशन परियोजनाओं का विस्तार।
उद्घाटन की प्रमुख परियोजनाएं:
* अमृत योजना के तहत देहरादून जलापूर्ति कवरेज में सुधार।
* पिथौरागढ़ में विद्युत सबस्टेशन का उद्घाटन।
* सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्रों की शुरुआत।
* हल्द्वानी स्टेडियम (नैनीताल) में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान का लोकार्पण, जिससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के आधारभूत ढांचे और समग्र विकास को नई दिशा देगा।