बच्चों के संरक्षण, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति पर जोर, आयोग सचिव की अध्यक्षता में कार्यशाला संपन्न

बाल अधिकारों की विस्तृत जानकारी, डीएम ने छात्रों को किया जागरूक; पोक्सो और नए कानूनी प्रावधानों पर चर्चा
पिथौरागढ़। बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा और उन्हें बेहतर वातावरण देने के उद्देश्य से आज जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सचिव डॉ. एस.के. बरनवाल ने कार्यशाला की अध्यक्षता की और बाल अधिकार एवं सुरक्षा विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
डॉ. बरनवाल ने बच्चों के मानसिक, शारीरिक और भावनात्मक रूप से सुरक्षित माहौल में जीने के अधिकार पर जोर दिया। उन्होंने नाम, राष्ट्रीयता प्राप्त करने के अधिकार और सरकारी संरक्षण एवं सहयोग से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी।
कार्यशाला में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने भी सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया। उन्होंने विशेष रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण, साइबर सेफ्टी के महत्व और नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। डीएम ने बाल अधिकारों और संबंधित कानूनी प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला। इस दौरान आयोग सचिव डॉ. बर्नवाल ने जिलाधिकारी को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
कानून और सुरक्षा पर फोकस
 नए कानूनी प्रावधान: मास्टर ट्रेनर ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यूनिफॉर्म सिविल कोड में बच्चों से संबंधित नए प्रावधानों की जानकारी दी।
पोक्सो अधिनियम: बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं यौन उत्पीड़न पर दंडात्मक कार्रवाई और पोक्सो अधिनियम की प्रमुख धाराओं से प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
साइबर जागरूकता: पुलिस विभाग ने अभिभावकों, बच्चों और शिक्षकों को गैजेट्स के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन अपराधों से बचाव, साइबर सुरक्षा और बच्चों में बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति की रोकथाम पर जागरूक किया।
सड़क सुरक्षा: मास्टर ट्रेनर एटीआई चंद्रशेखर जोशी ने मोटर वाहन अधिनियम और सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियम साझा किए। साथ ही शिक्षा का अधिकार अधिनियम  2009 की मुख्य बातों पर भी प्रकाश डाला।
कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंजू देवी, अस्सिटेंट लेबर कमिश्नर सुनील तिवारी, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति लक्ष्मण सिंह खाती, जिला परिवीक्षा अधिकारी वरुण सरग्वान, अनु सचिव सतीश कुमार सिंह, साइबर सेल पिथौरागढ़ से विपिन, स्वास्थ्य विभाग से जे.सी तिवारी और प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति बोरा महर सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।