अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर 250 दिव्यांगजनों को बांटे 186 सहायक उपकरण, राधिका को मिला राज्य स्तरीय सम्मान

पिथौरागढ़। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर आज विकास भवन प्रांगण में दिव्यांग सशक्तिकरण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 250 दिव्यांगजन सम्मिलित हुए, जिन्हें विभिन्न सहायक उपकरणों का वितरण किया गया और दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों के लिए मौके पर ही प्रमाण पत्र निर्गत किए गए।
शिविर के दौरान, स्व-रोज़गार में संलग्न दिव्यांग महिला राधिका मेहता को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तरीय दिव्यांग सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी दलीप कुमार ने समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित की जा रही दिव्यांगजन हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की, जिससे सभी उपस्थित लाभार्थी सरकारी सुविधाओं से अवगत हो सकें।
186 सहायक उपकरणों का वितरण
प्रशासन ने दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के उद्देश्य से सहायक उपकरणों का वितरण किया। कुल 186 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें—

 – 82 बैसाखियाँ
 – 15 व्हीलचेयर
 – 49 श्रवण यंत्र (Hearing Aids)
 – 10 वॉकर
 – 30 विशेष छड़ियाँ
शामिल रहीं।
इसके अलावा, दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों से आए 18 दिव्यांगजनों के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी की चिकित्सक टीम द्वारा ऑन-स्पॉट (मौके पर ही) दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्गत किए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, मेयर नगर निगम पिथौरागढ़, विभिन्न जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों ने शामिल रहे।