उत्तराखंड स्थापना दिवस: किसानों की आय दोगुनी करने पर सरकार का जोर, पंतनगर विश्वविद्यालय की प्रदर्शनी का सीएम धामी ने किया उद्घाटन

पंतनगर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर द्वारा लोहिया हेड मैदान में आयोजित विशाल कृषि गोष्ठी एवं कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान विश्वविद्यालय, कृषि विभाग और विभिन्न संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का गहन अवलोकन किया और इसे किसानों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कृषि गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने किसानों को देश का अन्नदाता बताया। उन्होंने कहा कि जब किसान मजबूत होगा, तभी देश और प्रदेश प्रगतिशील एवं संपन्न बनेंगे। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय को ‘हरित क्रांति की जन्मस्थली’ बताते हुए यहां हो रहे निरंतर शोध और नवाचारों की सराहना की। सीएम धामी ने किसानों से उन्नत बीजों, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाने और अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने का पुरजोर आह्वान किया।
किसानों के लिए ऐतिहासिक फैसले
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों और सैनिकों की सरकार है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का आश्वासन दिया। किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य पर जोर देते हुए, उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने किसानों को कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, रेशम और शहद उत्पादन जैसे सहायक व्यवसायों को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
गन्ना मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि: मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ने के समर्थन मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की ऐतिहासिक वृद्धि की गई है। इस घोषणा के बाद किसानों ने जोरदार नारे लगाकर उनका आभार व्यक्त किया।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी आधुनिक तकनीक
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम अब प्रदेशभर में निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि सीमांत क्षेत्रों के किसानों तक भी नवाचार और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी आसानी से पहुंच सके।
लाभार्थियों को वितरित किए गए ई-रिक्शा और अनुदान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रीप परियोजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को छह ई-रिक्शा की चाबियां सौंपी। इसके अलावा, उन्होंने कृषि विभाग के दो प्रगतिशील किसानों को ₹49,750/- की अनुदान राशि के चेक वितरित किए और 1000 कृषक किटों में से पांच किट प्रतीकात्मक रूप से किसानों को प्रदान कीं।
इस अवसर पर महापौर दीपक बाली, खटीमा नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।