मुवानी में खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया शेर सिंह कार्की मेमोरियल प्रतियोगिता का शुभारंभ, ‘उत्तराखंड को खेल भूमि बनाने का सपना साकार करेंगे’

पिथौरागढ़। प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने आज पिथौरागढ़ के मुवानी में आयोजित ‘शेर सिंह कार्की मेमोरियल खेल प्रतियोगिता’ का भव्य शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में जनपद के दूर-दराज के ग्रामीण अंचल की टीमें उत्साह के साथ हिस्सा ले रही हैं।
हर गांव से निकलेंगे चैंपियन: रेखा आर्या
प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य अब राज्य के दूर दराज के क्षेत्रों तक खेल सुविधाओं को पहुंचाना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, “उत्तराखंड के हर गांव से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के चैंपियन निकलें, तभी उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में पहचान दिलाने का हमारा सपना साकार हो सकेगा।”
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में एक मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित हो सके और युवा खेल को एक करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने यह भी कहा कि एथलेटिक्स में ज्यादातर चैंपियन ग्रामीण अंचल से ही निकलते हैं और यह प्रतियोगिता इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।
कॉमनवेल्थ गेम्स में उत्तराखंड की भागीदारी का प्रयास
रेखा आर्या ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भारत को मिली है। सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि इस मेजबानी में देवभूमि उत्तराखंड की भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे।
निर्माणाधीन खेल मैदान का निरीक्षण, गुणवत्ता पर जोर
कार्यक्रम के दौरान, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मुवानी में निर्माणाधीन खेल मैदान का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इस खेल मैदान को पूर्ण गुणवत्ता के साथ, निश्चित समय अवधि में यानी इसी वर्ष के अंत तक तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह खेल मैदान ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विद्यालय प्रबंधक रणजीत सिंह, सुरेश सुयाल, धीरज सिंह बिष्ट, पूर्ण चंद्र जोशी, मुकुल कांडपाल, उप जिलाधिकारी खुशबू पांडे, कुंदन सिंह पुजारा उपस्थित रहे।