गरुड़-बैजनाथ संवाद में सीएम ने दिए विकास के मंत्र; बोले- इकोलॉजी-इकोनॉमी-टेक्नोलॉजी समन्वय से बढ़ेगी राज्य की गति
बैजनाथ/बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के पहले दिन गरुड़-बैजनाथ में आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रबुद्ध जनों, राज्य आंदोलनकारियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं सहित विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों से गहन विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों के सुझावों को राज्य के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इन्हें आगामी नीतियों और योजनाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया।
‘लखपति दीदी’ पहल की सराहना
मुख्यमंत्री धामी ने SHG की महिलाओं की पहल की विशेष सराहना करते हुए बताया कि राज्य में लाखों बहनें ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और उनके उत्पादों की मांग देश-विदेश में बढ़ रही है। उन्होंने मातृशक्ति द्वारा विपरीत परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि आने वाला दशक उत्तराखंड का होगा, जिसमें मातृशक्ति की भूमिका निर्णायक रहेगी।
रोजगार सृजन पर जोर
सीएम धामी ने एप्पल मिशन में सब्सिडी, होमस्टे योजना, और कीवी मिशन की प्रगति को संतोषजनक बताया। उन्होंने कहा कि ये योजनाएँ रोजगार और स्वरोजगार सृजन में बड़ी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने इकोलॉजी–इकोनॉमी–टेक्नोलॉजी के समन्वय को राज्य के विकास की गति बढ़ाने का आधार बताया।
पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रमुख स्थानों को हेली सेवा से जोड़ा जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखंड की वेशभूषा और संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रोत्साहित करने की बात कहते हुए मानसखंड–केदारखंड सहित सभी धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार से पर्यटन के नए आयाम स्थापित होने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में चर्चा के दौरान डीएम आकांक्षा कौंडे, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक सुरेश गढ़िया एवं पार्वती दास, सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

