मंत्री गणेश जोशी ने पिथौरागढ़ में कृषि, ग्रामीण विकास और सैनिक कल्याण की व्यापक समीक्षा की

पिथौरागढ़। प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज पिथौरागढ़ स्थित डीआईबीईआर में कृषि, उद्यानिकी, ग्राम्य विकास और सैनिक कल्याण विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। मंत्री ने दो-टूक शब्दों में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुँचे यही सरकार की प्रतिबद्धता है।
जिलाधिकारी पिथौरागढ़ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी भी उपस्थित रहे।
किसानों को मिले सर्वोच्च प्राथमिकता
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री जोशी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक, सिंचाई सुविधाएँ और समय पर खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उचित मूल्य और मार्केटिंग सहायता दिए बिना कृषि विकास अधूरा है। जैविक खेती, उच्च मूल्य वाली फसलों और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने के लिए ठोस रणनीति बनाने पर जोर दिया गया।
पूर्व सैनिकों को समय पर लाभ
सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा में मंत्री ने निर्देश दिया कि पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों की योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
ग्रामीण विकास में ढिलाई नहीं
ग्रामीण विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता, ग्रामीण सड़कें और रोजगार कार्यक्रम जनता की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप हों। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने में किसी भी स्तर पर देरी या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री गणेश जोशी ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित समस्त विभागीय अधिकारियों के समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए उन्हें शाबाशी दी। उन्होंने कहा कि समय पर योजनाओं के लक्ष्य पूर्ण होना धामी सरकार के सकारात्मक कार्यशैली का प्रतीक है।
बैठक में जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल सहित विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।