पिथौरागढ़। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने आज पिथौरागढ़ में पूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों से मुलाकात कर न केवल उनके कार्यों की सराहना की, बल्कि सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। मंत्री जोशी ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जो उत्तराखंड के वीर सपूतों और उनके परिवारों के लिए एक बड़ी राहत साबित होंगी।
बिपिन चंद्र जोशी के नाम पर बनेगा आधुनिक हॉस्टल
मंत्री जोशी ने घोषणा की कि हल्द्वानी में शहीदों के आश्रितों और उनके बच्चों के लिए शीघ्र ही एक अत्याधुनिक हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। यह हॉस्टल महान सैन्य कमांडर जनरल बिपिन चंद्र जोशी के नाम पर रखा जाएगा। यह कदम शहीदों के परिवारों को उच्च शिक्षा और बेहतर जीवन की ओर ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
पूर्व सैनिकों के लिए मिलन केंद्र की सौगात
इसके अतिरिक्त, मंत्री जोशी ने जिले के पूर्व सैनिकों के लिए एक ‘मिलन केंद्र’ स्थापित किए जाने की भी घोषणा की। इस केंद्र का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जिससे वे आपस में संवाद कर सकें और अपने अनुभवों व समस्याओं को साझा कर सकें। यह केंद्र जिले के पूर्व सैनिकों के बीच आपसी भाईचारा और संगठन की भावना को मजबूत करेगा।
मंत्री जोशी ने पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ द्वारा किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर और प्रभावी कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में संगठन के अध्यक्ष मयूख भट्ट, एसडीएम मंजीत सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के.एस. बिष्ट, कैप्टन सुरेंद्र सिंह और अर्जुन अवॉर्डी समेत बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे,

