बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका: पिथौरागढ़ में अगले 10 दिन ‘पावर कट’ का अटैक!

11 KV रिंगसेन लाइन निर्माण के लिए 17 से 26 दिसंबर तक रोजाना सुबह 10 से शाम 5 बजे तक गुल रहेगी बिजली
पिथौरागढ़।  पिथौरागढ़ के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए जरूरी और चिंताजनक खबर है। पिथौरागढ़ टाउन क्षेत्र के उपभोक्ताओं को आने वाले दस दिनों तक रोजाना लंबी बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है।
विद्युत वितरण उपखण्ड (डिवीजन) पिथौरागढ़ द्वारा जारी एक सूचना में बताया गया है कि पिथौरागढ़ टाउन क्षेत्र में अति आवश्यक रिंगसेन 11 केवी विद्युत लाइन का निर्माण कार्य किया जाना है। इस महत्वपूर्ण कार्य को सुरक्षित और सुचारू ढंग से पूरा करने के लिए विद्युत आपूर्ति को बाधित करना अनिवार्य है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह शटडाउन 17 दिसंबर से 26 दिसंबर तक, यानी पूरे दस दिनों की अवधि के लिए लिया जाएगा। इन दस दिनों में, पिथौरागढ़ टाउन क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक पूर्णतः अथवा आंशिक रूप से बाधित रहेगी। उपभोक्ताओं को इस दौरान रोजाना सात घंटे की कटौती झेलनी पड़ सकती है।
अधिशासी अभियंता नितिन गर्खाल ने बताया यह निर्माण कार्य उपभोक्ताओं को भविष्य में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पिथौरागढ़ टाउन क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे इस लंबी अवधि की कटौती को देखते हुए अपने आवश्यक कार्य सुबह 10 बजे से पहले ही निपटा लें।
उन्होंने इस अनिवार्य निर्माण कार्य के दौरान उपभोक्ताओं से सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि निर्धारित समय सीमा में काम पूरा किया जा सके और जल्द से जल्द सामान्य आपूर्ति बहाल की जा सके।

देखे किस क्षेत्र में रहेगी बिजली कटौती