पिथौरागढ़। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत अपने दो दिवसीय दौरे पर कल (17 दिसंबर) पिथौरागढ़ आ रहे हैं। दौरे के पहले दिन वे शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार’ कार्यक्रम में बिण विकास खंड में प्रातः 11:15 बजे शिरकत करेंगे।
शासन के निर्देश पर यह अभियान 17 दिसंबर से आगामी 45 दिनों तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इस दौरान पिथौरागढ़ की प्रत्येक तहसील की न्याय पंचायतों में सप्ताह में 2 से 3 दिन शिविर लगेंगे, जहाँ विभिन्न विभागों की सेवाएं और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान एक ही मंच से किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आमजन तक पहुँचाना है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं और जनता से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की है ताकि वे योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।

