जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: सटगल में सजा सरकारी योजनाओं का मेला

पिथौरागढ़। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जिला प्रशासन ने विकास खंड पिथौरागढ़ की न्याय पंचायत सटगल के मलान में एक वृहद बहुउद्देशीय जन सेवा शिविर का आयोजन किया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में न केवल ग्रामीणों की शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ, बल्कि 700 से अधिक लोगों ने विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी भटगांई ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को लाभान्वित करने की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रशासन खुद उनके द्वार पर आ रहा है। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और मौके पर ही पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण सुनिश्चित कराए।
शिविर में स्वास्थ्य और आयुष विभाग के स्टालों पर भारी भीड़ देखी गई। आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथी विभाग ने 180 नागरिकों को निःशुल्क परामर्श और औषधियां वितरित कीं, जबकि चिकित्सा विभाग ने 50 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 47 और समाज कल्याण विभाग ने 31 लाभार्थियों को पेंशन व अन्य योजनाओं से जोड़ा। पशुपालन, डेयरी और उद्यान विभाग ने क्रमशः 35, 31 और 23 ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया। आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए वन विभाग ने दो पात्र लाभार्थियों को 15 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।
राजस्व, पेयजल और विद्युत विभाग ने भी पुराने लंबित प्रकरणों का निपटारा कर ग्रामीणों को राहत दी। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास विभाग और लीड बैंक ने 50 से अधिक लोगों को वित्तीय साक्षरता और ऋण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
बहुउद्देशीय जन सेवा शिविर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।