खाता बंद कराने पहुंचे ग्राम प्रधान को मिला दो लाख का बीमा लाभ

 

पिथौरागढ़। भाई की मृत्यु के बाद बैंक में खाता बंद कराने पहुंचे ग्राम प्रधान को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का बड़ा लाभ मिला। बढ़ावे ग्राम प्रधान भुवन चंद्र जोशी को एसबीआई बढ़ावे शाखा से दो लाख रुपये की बीमा राशि का चेक सौंपा गया।

जानकारी के अनुसार भुवन चंद्र जोशी के भाई रमेश चंद्र जोशी गुरुग्राम में नौकरी करते थे। उन्होंने एसबीआई बढ़ावे शाखा से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर जीवन बीमा कराया था। अविवाहित रमेश ने अपने भाई भुवन चंद्र जोशी को नामिनी बनाया था। पिछले वर्ष स्वास्थ्य खराब होने के चलते रमेश का निधन हो गया।

मृत्यु के उपरांत जब भुवन चंद्र जोशी अपने भाई का बैंक खाता बंद कराने एसबीआई बढ़ावे पहुंचे, तो बैंक कर्मियों ने उन्हें जीवन ज्योति बीमा योजना में नामांकन की जानकारी दी। आवश्यक दस्तावेज और प्रक्रिया पूरी होने के बाद मात्र छह दिनों में बीमा क्लेम की राशि स्वीकृत होकर खाते में आ गई।

शाखा प्रबंधक राजेंद्र सिंह रावत ने भुवन चंद्र जोशी को दो लाख रुपये का चेक सौंपते हुए बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में कम प्रीमियम पर बीमाधारक की मृत्यु होने पर नामिनी को दो लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है। उन्होंने आम जनता से इस योजना से अधिक से अधिक जुड़ने की अपील की।