धामी सरकार का बड़ा विकास फैसला: सड़कों से गंगा कॉरिडोर तक 167 करोड़ की योजनाओं को हरी झंडी

देहरादून। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए कुल 167 करोड़ रुपये की धनराशि का अनुमोदन प्रदान किया है। इन योजनाओं में सड़कों के सुधारीकरण व पुनर्निर्माण, स्कूल व महाविद्यालय भवन निर्माण, हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना, हैलीपोर्ट निर्माण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण तथा संपर्क मार्गों के विकास से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विधानसभा क्षेत्र कोटद्वार के विकासखंड दुगड्डा में मेरठ–पौड़ी राज्य मार्ग से लालपुर–कलालघाटी–नयावाद–पुराना कोटद्वार–हरिद्वार मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 1.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, राज्य योजना के अंतर्गत चंपावत जनपद के खेतीखान मोटर मार्ग से सुयालखर्क मिलान मोटर मार्ग के सुधारीकरण/डामरीकरण के लिए 3.20 करोड़ रुपये तथा नैनीताल जनपद में नानिया विनायक मोटर मार्ग से बिडारी पोखराधार तक पुनर्निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

देहरादून जनपद के मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पुरूकुल स्थित निर्माणाधीन सैन्यधाम एवं मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक जाने वाले मुख्य मार्गों को डेढ़ लेन में उच्चीकृत करने के लिए 13.39 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में कामाज्यूला भनार–रैघाड़ी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण व सुधारीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये तथा गंगोलीहाट क्षेत्र में पोखरी–चंडिकाघाट मोटर मार्ग निर्माण के लिए 5.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उच्च शिक्षा को मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री ने अगस्त्यमुनि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 5.19 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है।

हरिद्वार गंगा कॉरिडोर परियोजना के तहत हर की पैड़ी क्षेत्र के व्यापक विकास को भी हरी झंडी दी गई है। मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, कांगड़ा घाट और रोडी बेलवाला घाट के पुनरुद्धार एवं पुल निर्माण के लिए 70 करोड़ रुपये, जबकि हर की पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र के विकास के लिए 69.34 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पर्यटन और आपात सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौड़ी गढ़वाल जनपद के लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र के ओडल स्थान पर हैलीपोर्ट निर्माण के प्रथम चरण के लिए 10.66 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक व संपर्क मार्गों के विकास के लिए ग्राम सभा चौना से मां नंदादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण हेतु 40.56 लाख रुपये, चौना से बुक्टीखेत तक खड़ंजा निर्माण के लिए 40.41 लाख रुपये तथा इमला से रजन मंदिर तक अश्व मार्ग निर्माण के लिए 40.14 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं के शासनादेश भी जारी हो चुके हैं।

इसके अलावा उधम सिंह नगर जनपद के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में गौशाला निर्माण के लिए 4.23 करोड़ रुपये, हल्द्वानी में राज्य विधिक परिषद के भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये तथा लोहाघाट क्षेत्र में देवीधुरा मुख्य मार्ग से महाविद्यालय तक 500 मीटर सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए 33.78 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। संबंधित योजनाओं की आंशिक धनराशि के शासनादेश भी निर्गत कर दिए गए हैं।