92 वर्षीय वृद्धा का आधार संशोधन मौके पर, बाराकोट में लगे बहुद्देशीय शिविर में 900 से अधिक लोग लाभान्वित

चंपावत/ बाराकोट। न्याय पंचायत बाराकोट की ग्राम पंचायत पोखरिखाल मैदान में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जनोन्मुखी योजना “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत बहुद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन-प्रशासन की सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा।

शिविर के दौरान 92 वर्षीय नादुली देवी, निवासी लुवाकोट की आधार कार्ड में नाम संशोधन से जुड़ी समस्या जिलाधिकारी मनीष कुमार के संज्ञान में लाई गई। परिजनों ने बताया कि आधार कार्ड में नाम गलत दर्ज होने के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए, जिसके बाद शिविर स्थल पर ही आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान कर दिया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक स्तर पर सेवाएं प्रदान की गईं। राजस्व, कृषि, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, उद्यान, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, सैनिक कल्याण, खाद्य पूर्ति, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन, पेयजल, वन, सहकारिता, बैंकिंग एवं सेवायोजन विभागों के माध्यम से कुल मिलाकर 900 से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया गया। इस दौरान 150 से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए और 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

इसके साथ ही 50 से अधिक नागरिकों के आधार कार्ड संशोधन और यूसीसी पंजीकरण से जुड़े मामलों का भी निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने शिविर में प्राप्त 40 से अधिक शिकायतों और मांगों को स्वयं सुना, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष मामलों के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन, स्वास्थ्य जांच, आयुष परामर्श, बीज-उर्वरक वितरण, राशन कार्ड संशोधन, स्वरोजगार प्रशिक्षण, ऋण योजनाओं की जानकारी और पशु स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सेवाएं भी दी गईं।

शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या, जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी, मनीषा कालाकोटी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, खंड विकास अधिकारी अवनीश उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।