टनकपुर। राज्य सरकार की महत्त्वाकांक्षी एवं जनोन्मुखी योजना “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत न्याय पंचायत बमनजौल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय मैदान, धूरा में बहुद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन-प्रशासन को सीधे आमजन तक पहुंचाकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित और पारदर्शी लाभ देना रहा।

शिविर में राजस्व, कृषि, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन, खाद्य पूर्ति, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं। अलग-अलग विभागों के माध्यम से कुल 725 से अधिक नागरिक विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। शिविर के दौरान 143 से अधिक प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा कई आवेदन भी प्राप्त किए गए। साथ ही 25 से अधिक लोगों के आधार कार्ड संशोधन एवं यूसीसी पंजीकरण से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया।
उपजिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी ने प्राप्त 128 शिकायतों में से 123 का मौके पर ही समाधान कर दिया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। शिविर में पेंशन योजनाएं, स्वास्थ्य जांच, आयुष परामर्श, बीज-उर्वरक वितरण, राशन कार्ड संशोधन तथा स्वरोजगार से जुड़ी जानकारियां दी गईं।
शिविर में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
