पिथौरागढ़। मुनस्यारी में पेट्रोल की किल्लत से जूझ रहे पर्यटकों की समस्या उजागर करने वाले पत्रकारों को कथित रूप से धमकी दिए जाने का मामला सामने आने के बाद जिले के पत्रकार संगठनों में रोष व्याप्त है। आज नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट इंडिया (एनयूजेआई) के जिलाध्यक्ष सुशील खत्री और पर्वतीय पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजय वर्द्धन उप्रेती के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक रेखा यादव से मुलाकात की।

पत्रकारों ने पेट्रोल पंप संचालक की ओर से फोन पर धमकी दिए जाने के मामले को निंदनीय बताते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी समस्याओं को उजागर करना पत्रकारों का कर्तव्य है और इस तरह का उत्पीड़न किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस पर एसपी रेखा यादव ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए।
इस दौरान दीपक चंद्र कापड़ी, भक्तदर्शन पांडे, कुंडल चौहान, राजेश पंगरिया, बृजेश तिवारी, विपिन गुप्ता, मनीष चौधरी सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
उधर, मुनस्यारी में भी पत्रकारों ने थानाध्यक्ष अनिल आर्या को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की। यहां पूरन पांडे, प्रमोद द्विवेदी और मनोज बोथयाल उपस्थित रहे।
