चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से जनपद चम्पावत की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने जा रही है। जिला अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया परियोजना के तहत 50 बेड की अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माणाधीन यूनिट का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने आइसोलेशन वार्ड, आईसीयू ब्लॉक, ऑपरेशन थियेटर, एमआरआई कक्ष और एक्स-रे कक्ष सहित विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का जायजा लिया।
डीएम ने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल, पिथौरागढ़ को निर्देश दिए कि लगभग 2022.90 लाख रुपये की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण परियोजना को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों और तकनीकी मापदंडों के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बताया गया कि क्रिटिकल केयर यूनिट में चार आइसोलेशन वार्ड, दो आईसीयू वार्ड, दो अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर, एक एमआरआई कक्ष और एक एक्स-रे कक्ष सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं होंगी। यूनिट के शुरू होने से गंभीर और आपातकालीन मरीजों को जनपद स्तर पर ही बेहतर उपचार मिल सकेगा, जिससे बाहर रेफर किए जाने की आवश्यकता कम होगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एमआरआई मशीन की स्थापना को लेकर विशेष सावधानी बरतने और विशेषज्ञों की निगरानी में इंस्टॉलेशन कराने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि एमआरआई मशीन की स्थापना आईसीआईसीआई फाउंडेशन द्वारा सीएसआर मद से की जा रही है।
क्रिटिकल केयर यूनिट के पूर्ण होने के बाद चम्पावत जनपद की स्वास्थ्य अवसंरचना को नया आयाम मिलेगा और आमजन को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। निरीक्षण के दौरान ब्रिडकुल के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
