डामरीकरण की शिकायत पर डीएम सख्त, ग्रिफ के अधिशासी अभियंता को फटकार, कार्य पर रोक

पिथौरागढ़। कनालीछीना–बंदरलीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायत के बाद जिलाधिकारी आशीष भटगांई सख्त नजर आए। उन्होंने ग्रिफ के अधिशासी अभियंता (सिविल) को कड़ी फटकार लगाते हुए उपजिलाधिकारी डीडीहाट को मौके पर जांच करने और डामरीकरण कार्य पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क निर्माण और रखरखाव में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्य आम जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए इसमें लापरवाही गंभीर अपराध की श्रेणी में आती है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने, कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने संबंधित विभागों को चेतावनी दी कि भविष्य की परियोजनाओं में गुणवत्ता नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया जाए, ताकि इस तरह की शिकायतों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जिले में सड़क निर्माण व मरम्मत के सभी कार्य उच्च मानकों के अनुरूप किए जाएंगे, जिससे लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।