पिथौरागढ़। 9वीं एलीट नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। प्रतियोगिता में काजल फर्स्वाण ने रजत पदक, जबकि आरती धारियाल और कपिल पोखरिया ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

नोएडा में 4 से 10 जनवरी तक आयोजित चैंपियनशिप में तीनों खिलाड़ी खेल विभाग के अधीन संचालित खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, देव सिंह मैदान पिथौरागढ़ में बॉक्सिंग कोच निखिल महर से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

महिला वर्ग में आरती धारियाल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में सुप्रिया (मणिपुर), दूसरे प्री-क्वार्टर फाइनल में दिव्या पवार (ऑल इंडिया पुलिस) और क्वार्टर फाइनल में नाओम चिंगसन्नुआमी (मिजोरम) को पराजित किया। सेमीफाइनल में आरती का मुकाबला प्रीति (एसएससीबी) से हुआ, जिसमें उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

काजल फर्स्वाण ने भी पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में अंशुल राणा (केरल), क्वार्टर फाइनल में दीपिका (हिमाचल प्रदेश) और सेमीफाइनल में रितु (ऑल इंडिया पुलिस) को हराया। फाइनल मुकाबले में काजल का सामना प्रांजल (एसएससीबी) से हुआ, जहां कड़ी टक्कर के बाद उन्हें रजत पदक मिला।
पुरुष वर्ग में कपिल पोखरिया ने शुरुआती मुकाबले में एसएससीबी के खिलाड़ी को पराजित किया, लेकिन सेमीफाइनल में राजस्थान के मुक्केबाज से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी अनूप बिष्ट, उप क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह, बॉक्सिंग कोच निखिल महर, कैप्टन हरि सिंह थापा सहित जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन पिथौरागढ़ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने हर्ष जताते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
