पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक, ग्रेड-III के पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों के शैक्षिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों की जांच 12 जनवरी को आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया प्रातः 10 बजे से केएनयू राजकीय इंटर कॉलेज पिथौरागढ़ में संपन्न होगी।

कार्यालय की विज्ञप्ति के अनुसार, सहायक अध्यापक ग्रेड-III (वेतनमान 35400-112400, लेवल-6) के कुल 80 पदों तथा 23 बैकलॉग पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। उत्तराखण्ड प्रारम्भिक शिक्षा (अध्यापक) सेवा नियमावली-2012 (संशोधित 2024) के प्रावधानों के अंतर्गत चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि विभागीय वेबसाइट पर प्रकाशित सूची में अंकित अभ्यर्थियों को ही निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा। अनुपस्थित पाए जाने की स्थिति में भविष्य में किसी भी प्रकार का प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि कुछ अभ्यर्थियों द्वारा एक से अधिक जनपदों में आवेदन किया गया है, किंतु काउंसलिंग में प्रतिभाग मात्र से नियुक्ति का दावा मान्य नहीं होगा। भर्ती से संबंधित श्रेष्ठता सूची एवं विस्तृत दिशा-निर्देश उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा विभाग की वेबसाइट www.schooleducation.uk.gov.in पर उपलब्ध हैं।
