OLX पर कार का सौदा बना ठगी का जाल, 4.82 लाख की साइबर ठगी में राजस्थान से एक और अभियुक्त पर कार्रवाई

पिथौरागढ़। ऑनलाइन ठगी के मामलों पर सख्ती दिखाते हुए पिथौरागढ़ पुलिस ने OLX के माध्यम से कार खरीदने के नाम पर 4.82 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक और अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में जनपद पुलिस व साइबर सेल ने त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाते हुए राजस्थान से अभियुक्त को चिन्हित कर उसे नोटिस तामील कराया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 1 सितंबर को थाना झूलाघाट क्षेत्र अंतर्गत दोबांस निवासी महेश चन्द्र ने थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि सेकेंड हैंड कार खरीदने के उद्देश्य से OLX पर संपर्क करने के दौरान एक व्यक्ति ने स्वयं को आर्मी का जवान बताकर विश्वास में लिया। इसके बाद गूगल पे के माध्यम से अग्रिम धनराशि मंगवाई गई और धोखे से पीड़ित के बैंक खाते से कुल 4 लाख 82 हजार 750 रुपये की रकम निकाल ली गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार एवं प्रभारी साइबर/सर्विलांस सेल नीरज भाकुनी के नेतृत्व में पुलिस व साइबर सेल टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना करते हुए पहले अभियुक्त गोपाल कृष्ण शेकर की पहचान की। इसके बाद जांच में एक अन्य अभियुक्त वकील पुत्र हारून, निवासी बास बघौरा, जिला खैरथल-तिजारा (राजस्थान) का नाम सामने आया।

कोतवाली झूलाघाट पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल के अपर उप निरीक्षक हेम चन्द्र एवं कांस्टेबल कमल तुलेरा की सहायता से राजस्थान जाकर अभियुक्त की लोकेशन और पहचान की पुष्टि की। इसके बाद अभियुक्त को धारा 35(3) बीएनएसएस के अंतर्गत नोटिस तामील कराते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार अन्य अभियुक्तों के नाम-पते की तस्दीक की जा रही है तथा उनके विरुद्ध भी धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील की कार्रवाई प्रचलित है। पिथौरागढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीद-फरोख्त और डिजिटल लेन-देन के दौरान पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।