पिथौरागढ़ पुलिस ने बिहार से दो आरोपितों को किया चिन्हित, नोटिस तामील

पिथौरागढ़। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में जनपद पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की है।
मामले में एक महिला ने एक नवंबर को कोतवाली झूलाघाट में तहरीर दी थी कि इंस्टाग्राम पर एक व्यक्ति ने स्वयं को यूके का डॉक्टर बताकर उससे संपर्क किया। आरोपी ने महंगे उपहार भेजने का लालच दिया और बाद में कस्टम में पार्सल फंसने का बहाना बनाकर अलग-अलग किस्तों में उससे कुल तीन लाख रुपये की धनराशि धोखाधड़ी से प्राप्त कर ली।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार तथा प्रभारी साइबर/सर्विलांस सेल नीरज भाकुनी के नेतृत्व में पुलिस व साइबर सेल टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर विवेचना आगे बढ़ाई। जांच के दौरान दिलकेश्वर पासवान निवासी औरंगाबाद (बिहार) तथा रघुनंदन पासवान निवासी गया (बिहार) के नाम प्रकाश में आए।
कोतवाली झूलाघाट पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल के अपर उप निरीक्षक हेम चंद्र एवं कांस्टेबल कमल तुलेरा की सहायता से औरंगाबाद व गया जाकर अभियुक्तों की लोकेशन व पहचान की पुष्टि की। इसके बाद दोनों अभियुक्तों को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस तामील कराकर कानून के दायरे में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद पुलिस ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई और सघन तकनीकी जांच के माध्यम से पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया व डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
