जनता मिलन में उठीं खनन, सड़क, पेयजल सहित कई जनसमस्याएं

पिथौरागढ़। आज कलक्ट्रेट में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपदभर से आई विभिन्न जनसमस्याएं सामने रखी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने की। इस दौरान डूंगरा क्षेत्र में खनन से उत्पन्न खतरे, अटल आवास स्वीकृति, श्रम विभाग से सामग्री उपलब्ध कराने, विधायक निधि से बिना सहमति मोटर मार्ग निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग के दौरान भूमि सुरक्षा, सुरक्षा दीवार निर्माण, आधार कार्ड त्रुटि सुधार सहित अनेक मूलभूत समस्याएं रखी गईं।
जनसुनवाई में ग्राम प्रधान संगठन ने सटगल क्षेत्र की आठ ग्राम पंचायतों में रसोई गैस सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। ग्राम पंचायत मलान के प्रधान ने जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए सायरन व आधुनिक तकनीक अपनाने का प्रस्ताव रखा, जबकि ग्राम प्रधान डूंगरा ने ग्रामीण सड़कों के पालाग्रस्त होने की समस्या पर कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम का प्रमुख मुद्दा ग्राम पंचायत सेरीकाण्डा का पेयजल संकट रहा। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल टैंक में भारी मात्रा में मलवा जमा होने से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। जल संस्थान द्वारा सफाई न किए जाने से लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने इसकी वीडियो और फोटो जिलाधिकारी को सौंपते हुए जल संस्थान के कनिष्ठ, सहायक व अधिशासी अभियंता को जिम्मेदार ठहराया और थर्ड पार्टी जांच की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और अधिशासी अभियंता जल संस्थान को तत्काल टैंक की सफाई, पेयजल गुणवत्ता जांच कराने तथा पूरे प्रकरण की समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के तहत ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए।
जनसुनवाई में ग्राम भुरमुनी निवासी पुष्कर राम ने कान न सुनने की समस्या रखी, जिस पर जिलाधिकारी के निर्देश पर उन्हें श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया। श्रवण यंत्र मिलने पर पुष्कर राम ने जिलाधिकारी का आभार जताते हुए जनता मिलन कार्यक्रम की सराहना की।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण कर निर्धारित समय में आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनता मिलन कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर मनजीत सिंह, पुलिस उपाधीक्षक गोविन्द बल्लभ जोशी, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
