पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल 1905 पर प्राप्त शिकायतों एवं ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित एवं एल-1 स्तर की शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सभी मामलों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता से दूरभाष पर संपर्क कर संतुष्टि प्राप्त किए बिना किसी भी शिकायत को बंद न किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों में निर्माण कार्य या शासन स्तर की स्वीकृति अपेक्षित है, उनमें शिकायतकर्ता को स्पष्ट जानकारी देते हुए पत्रावली तत्काल निदेशालय को भेजी जाए। अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारी का उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को राजस्व विभाग से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। भूमि से संबंधित मामलों में स्थल चयन समिति की रिपोर्ट को अनिवार्य रूप से पत्रावली में संलग्न करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की प्रतिकूल प्रविष्टि वार्षिक गोपनीय आख्या (एसीआर) में की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में ई-गवर्नेंस सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्ट्रेट, विकास भवन सहित सभी कार्यालयों में पत्रावलियों का संचालन केवल ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किया जाए। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट में ई-ऑफिस पूरी तरह लागू है और तहसील व ब्लॉक स्तर पर भी यह प्रणाली प्रभावी रूप से प्रारंभ कर दी गई है।
बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि कोई भी घोषणा लंबित है तो तत्काल उनके संज्ञान में लाया जाए। उपजिलाधिकारी सदर एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों को आगामी बरसात से पूर्व पूर्ण कराते हुए आवश्यक एस्टीमेट व डीपीआर शीघ्र तैयार की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र, पेयजल, स्वास्थ्य एवं सड़क से संबंधित शिकायतें जनहित से सीधे जुड़ी हैं, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में एसडीएम सदर मनजीत सिंह, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
