पिथौरागढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसे, आठ लोग घायल

पिथौरागढ़। जनपद में रविवार रात्रि दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में कुल आठ लोग घायल हो गए। दोनों ही घटनाओं में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य के चलते सभी घायलों को समय रहते उपचार उपलब्ध कराया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी दुर्घटना में जनहानि नहीं हुई।

पहली घटना तहसील पिथौरागढ़ अंतर्गत पिथौरागढ़–घाट मोटर मार्ग पर गुरना के समीप रात्रि लगभग 12:20 बजे घटित हुई, जहाँ पिकअप वाहन संख्या यूके06सीसी1437 अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में चालक सहित दो लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम पिथौरागढ़, 108 एम्बुलेंस सेवा एवं जनपद आपदा नियंत्रण कक्ष की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ पहुंचाया गया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की हालत सामान्य पाए जाने पर उन्हें घर भेज दिया गया। घायलों में कबीर अहमद पुत्र शहादत हुसैन निवासी गोटियां, खटीमा तथा एजाज शामिल हैं।

दूसरी दुर्घटना तहसील धारचूला अंतर्गत पिथौरागढ़–धारचूला मोटर मार्ग पर जौलजीबी पुल के समीप रात्रि लगभग 9:30 बजे हुई। यहाँ टिप्पर वाहन संख्या यूके04सीसी1882 (अशोक लेलैंड) अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। वाहन में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे, जो सभी घायल हो गए। सूचना पर पुलिस थाना जौलजीबी, 108 एम्बुलेंस सेवा एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किया गया। सभी घायलों को खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट पहुंचाया गया।

चिकित्सकों द्वारा उपचार के उपरांत विक्रम सिंह (40 वर्ष), प्रकाश सिंह (28 वर्ष) एवं राहुल सिंह (35 वर्ष) को बेहतर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ रेफर किया गया, जबकि शेष घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।