महिला अस्पताल में शुरू हुई सीटी स्कैन सुविधा, अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा मरीजों को

पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय स्थित महिला अस्पताल में आज सीटी स्कैन मशीन का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने से जनपदवासियों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और समय पर सटीक जांच के साथ बेहतर उपचार संभव हो सकेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि महिला अस्पताल में स्थापित यह सीटी स्कैन मशीन अत्याधुनिक तकनीक से युक्त है, जिससे गंभीर एवं जटिल बीमारियों की त्वरित और सटीक जांच की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी कम होगा।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि अब महिला अस्पताल में ही सड़क दुर्घटना, सिर, पेट एवं अन्य आंतरिक रोगों की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। मशीन के संचालन के लिए प्रशिक्षित तकनीशियनों की तैनाती भी सुनिश्चित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद में एक सीटी स्कैन मशीन जिला बेस अस्पताल में पहले से संचालित है, जबकि महिला अस्पताल में मशीन शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और विस्तृत होगा।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस. एस. नबियाल, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भागीरथी गर्बयाल, चिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।