खाद्य सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी

 

मानकविहीन मिठाइयों पर कार्रवाई, 3.70 लाख रुपये जुर्मान

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय सलाहकार समिति (सुरक्षित भोजन एवं स्वस्थ आहार) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में खाद्य सुरक्षा को लेकर की गई कार्यवाहियों की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति तय की गई।

बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा आर.के. शर्मा ने बताया कि 5 सितंबर से 19 जनवरी तक चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान 37 खाद्य नमूने लिए गए। जांच में रसगुल्ला मिठाई और खोया बर्फी के दो नमूने मानकों के विपरीत पाए गए। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर किए गए, जिनमें दो मामलों में कुल 3 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसमें गाय के घी प्रकरण में 1 लाख 40 हजार और सरसों तेल प्रकरण में 2 लाख 30 हजार रुपये का अर्थदंड शामिल है।

खाद्य लाइसेंस और पंजीकरण के तहत 157 लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन जारी कर 1 लाख 80 हजार 700 रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया। इस अवधि में 61 निरीक्षण किए गए। वीआईपी भ्रमण के दौरान परोसे जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच, गुंजी मैराथन-2025 में विभागीय ड्यूटी और न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी भी की गई।

बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों और राजकीय विद्यालयों में मिड-डे मील के तहत संचालित रसोईघरों और कैंटीन के एफएसएस एक्ट-2006 के अंतर्गत पंजीकरण, स्लॉटर हाउस और पृथक मीट मार्केट निर्माण, सड़क किनारे खुले में खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक तथा एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने नियमित और सघन निरीक्षण अभियान चलाने, खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखने और मानकविहीन व एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी और विद्यालयों की सभी रसोईघरों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराने तथा जहां स्लॉटर हाउस नहीं हैं वहां चरणबद्ध तरीके से निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक, मुख्य शिक्षाधिकारी हरक राम कोहली, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत, जिला कार्यक्रम अधिकारी निर्मल बसेड़ा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।