जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक में दिए कड़े निर्देश, राजस्व वसूली व न्यायालयीन आदेशों के अनुपालन पर जोर

पिथौरागढ़। जनपद के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ करने, विकास योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने तथा जनसुविधाओं को समय पर धरातल पर उतारने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में मासिक स्टाफ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक की शुरुआत राजस्व विभाग की समीक्षा से हुई। जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर लंबित वादों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए, जिससे आम जनता को शीघ्र न्याय मिल सके। राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान गंगोलीहाट तहसील की प्रगति कम पाए जाने पर उप जिलाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर ठोस सुधार के निर्देश दिए गए।

समन, नोटिस, वारंट, आरसी तथा कुर्की आदेशों की तामील को लेकर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि न्यायालयीन आदेशों का समयबद्ध अनुपालन प्रशासन की कानूनी जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीर कर्तव्यहीनता माना जाएगा। उन्होंने समस्त राजस्व अधिकारियों को शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने तथा जानबूझकर बचने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए।

अवैध शराब की रोकथाम के लिए आबकारी, पुलिस एवं प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।

परिवहन एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा में शीतकाल को देखते हुए संवेदनशील मार्गों पर नमक छिड़काव, चेतावनी बोर्ड व रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए। पूर्ति विभाग को मार्च माह तक खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता और अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में कानून-व्यवस्था, पेंशन प्रकरण, जन शिकायतों, शीतकालीन व्यवस्थाओं तथा असहाय लोगों के लिए अलाव व कंबल वितरण की समीक्षा की गई। बैठक के समापन पर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।