पिथौरागढ़ में अंश निर्धारण में बड़ी उपलब्धि, 840 राजस्व ग्रामों में कार्य शत-प्रतिशत पूरा

पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ में जमींदारी विनाश के अंतर्गत अंश निर्धारण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। जिले के कुल 1635 राजस्व ग्रामों के सापेक्ष अब तक 840 ग्रामों में अंश निर्धारण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जा चुका है।

22 जनवरी तक जनपद में कुल 5 लाख 19 हजार 860 काश्तकारों का अंश निर्धारण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। अंश निर्धारण कार्यों की जिलाधिकारी द्वारा नियमित और कड़ी निगरानी की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 30 दिसंबर से अब तक अंश निर्धारण की प्रगति के मामले में जनपद पिथौरागढ़ राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। जिलाधिकारी ने शेष अवशेष काश्तकारों का भी शीघ्र शत-प्रतिशत अंश निर्धारण पूरा कराने के लिए सभी उप जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी द्वारा अंश निर्धारण कार्य की प्रगति की प्रतिदिन स्वयं समीक्षा की जा रही है, जिससे यह कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जा सके।