पिथौरागढ़ में उप जिलाधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल, सदर के नए उप जिलाधिकारी बने जितेंद्र वर्मा

पिथौरागढ़। शासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के अनुपालन में डिप्टी कलेक्टर ललित मोहन तिवारी ने जनपद में अपना योगदान दे दिया है। बीती 17 जनवरी को जारी आदेश संख्या-44-XXX-1-2026 के क्रम में उन्होंने बुधवार को कार्यभार संभाला। नवागत डिप्टी कलेक्टर के कार्यभार ग्रहण करते ही प्रशासन ने जनहित और शासकीय कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से विभागीय फेरबदल की कवायद शुरू कर दी है।जनपद में तैनात उप जिलाधिकारियों के दायित्वों में आंशिक फेरबदल किया है। जारी आदेशों के अनुसार उप जिलाधिकारी धारचूला के पद पर तैनात जितेंद्र वर्मा को स्थानान्तरित कर उप जिलाधिकारी पिथौरागढ़ (सदर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं उप जिलाधिकारी डीडीहाट खुशबु आर्या को उप जिला मजिस्ट्रेट बेरीनाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा उप जिलाधिकारी मुनस्यारी एवं बेरीनाग का दायित्व संभाल रहे आशीष जोशी को स्थानान्तरित कर उप जिलाधिकारी धारचूला नियुक्त किया गया है।

नव तैनात डिप्टी कलेक्टर ललित मोहन तिवारी को उप जिलाधिकारी मुनस्यारी के पद पर तैनाती दी गई है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे तथा अतिरिक्त प्रभार के लिए किसी प्रकार का भत्ता देय नहीं होगा।