धारचूला में लगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर, 1388 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

धारचूला (पिथौरागढ़)। शासन के निर्देशों के क्रम में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनपद पिथौरागढ़ की 64 न्याय पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज न्याय पंचायत गुंजी एवं धारचूला देहात के लिए विकासखण्ड सभागार, धारचूला में शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर की अध्यक्षता सचिव, ग्राम्य विकास विभाग, धीराज सिंह गर्ब्याल  ने की। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। शिविर में करीब 960 लोगों ने प्रतिभाग किया, जबकि 1388 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान कुल 238 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 206 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 32 शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।

राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, चिकित्सा स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आयुष, पशुपालन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, आधार, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, यूसीसी, पेयजल और शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और जॉब कार्ड से जुड़े आवेदन मौके पर ही भरे गए।

जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, स्मार्ट मीटर, विद्युत लाइन, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत घर निर्माण से जुड़ी समस्याएं रखीं। सचिव ग्राम्य विकास विभाग ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

सचिव ने आगामी शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे स्वयं शिविरों में उपस्थित रहकर अधिक से अधिक समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करें, ताकि जनमानस को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री अशोक नबियाल, ब्लॉक प्रमुख मंजुला बुदियाल सहित 52 जनप्रतिनिधि एवं 130 अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।