पिथौरागढ़। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने जनपद के समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को शनिवार, 24 जनवरी को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय विद्यार्थियों एवं छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जनपद में आए पर्यटकों से भी अपील की है कि वे ऊँचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों में अनावश्यक जोखिम न लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
