पिथौरागढ़ में 27 जनवरी को मनाई जाएगी समान नागरिक संहिता की प्रथम वर्षगांठ, सीएम धामी का होगा लाइव संबोधन

पिथौरागढ़। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आगामी 27 जनवरी को पूरे प्रदेश में इसकी प्रथम वर्षगांठ धूमधाम से मनाई जाएगी। इसी क्रम में जनपद पिथौरागढ़ में भी समान नागरिक संहिता की प्रथम वर्षगांठ के उपलक्ष्य में रामलीला मैदान, नगर निगम के निकट, प्रातः 10:30 बजे से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी के लाइव संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे बड़ी संख्या में जनमानस इस ऐतिहासिक अवसर से जुड़ सके।

जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करें और समान नागरिक संहिता की प्रथम वर्षगांठ को ऐतिहासिक एवं स्मरणीय बनाने में अपना योगदान दें।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन समान नागरिक संहिता के शत-प्रतिशत पंजीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जनपद में लगातार शिविरों का आयोजन कर यूसीसी पंजीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि जिनका विवाह वर्ष 2010 के बाद हुआ है और जिनका यूसीसी पंजीकरण अब तक नहीं हुआ है, वे नागरिक कॉमन सर्विस सेंटर तथा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यूसीसी पंजीकरण शिविरों में पहुंचकर अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण कराएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से जुड़ सकें।