पिथौरागढ़ में समान नागरिक संहिता की प्रथम वर्षगांठ पर भव्य कार्यक्रम, जन-जागरूकता पर रहा जोर

पिथौरागढ़। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लागू होने की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर जनपद पिथौरागढ़ में रामलीला मैदान में भव्य, सुव्यवस्थित एवं जन-जागरूकता उन्मुख कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समान नागरिक संहिता के एक वर्ष की उपलब्धियों को रेखांकित करना तथा इसके सामाजिक एवं विधिक महत्व से आमजन को अवगत कराते हुए समाज में समानता, न्याय और एकरूपता के संदेश को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने दीप प्रज्वलन कर किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि समान नागरिक संहिता सामाजिक सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी पहल है, जिससे समाज में लैंगिक समानता, न्यायसंगत व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों को मजबूती मिली है। उन्होंने इसके सफल क्रियान्वयन में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता को सराहनीय बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सजीव संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने यूसीसी को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग के लिए जनपदवासियों का आभार व्यक्त किया।

यूसीसी की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सामाजिक समरसता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा समान नागरिक संहिता विषय पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन कर इसके लाभों और कानूनी प्रावधानों को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया। विभाग द्वारा तैयार की गई यूसीसी विषयक वृत्तचित्र एवं लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने यूसीसी प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

इस दौरान यूसीसी के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जिला अधिवक्ताओं द्वारा आयोजित विचार-गोष्ठी में यूसीसी के कानूनी पहलुओं और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी हरीश आर्य सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत एवं करण थापा ने किया।