बीएसएफ इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह धामी को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पुलिस पदक, स्वामी वीरेंद्रानंद महराज ने दी बधाई

पिथौरागढ़। एशियन स्कूल के प्रबंध निदेशक एवं श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 डॉ. स्वामी वीरेंद्रानंद महाराज ने ग्राम खेला निवासी बीएसएफ इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह धामी को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पुलिस पदक से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

स्वामी वीरेंद्रानंद महाराज ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा 26 जनवरी को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर दिया गया यह प्रतिष्ठित सम्मान धामी की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण का जीवंत प्रमाण है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे धारचूला क्षेत्र, पिथौरागढ़ जनपद, उत्तराखंड राज्य एवं देश के लिए भी गर्व का विषय है।