आईटीबीपी ने कराया निःशुल्क कंप्यूटर कोर्स, प्रतिभागियों को मिले प्रमाण पत्र

पिथौरागढ़। भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के तत्वावधान में मुनस्यारी ब्लॉक सभागार में आयोजित निःशुल्क कंप्यूटर कोर्स शिविर का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष राजू पांगती ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए और आईटीबीपी की पहल की सराहना की।

14वीं बटालियन आईटीबीपी की ओर से संचालित इस कंप्यूटर कोर्स में क्षेत्र के अनेक विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि पांगती ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे प्रशिक्षण शिविर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत की ओर से भी इस प्रकार के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग दिया जाएगा।

इस अवसर पर आईटीबीपी के उप सेनानी, ग्राम प्रधान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षुओं ने आईटीबीपी का आभार व्यक्त किया।