पिथौरागढ़। महिला सशक्तिकरण की दिशा में जनपद में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कुजौली (दाडिमखोला) स्थित स्थानीय स्टेडियम के समीप कामकाजी महिलाओं के लिए 417.49 लाख रुपये की लागत से छात्रावास भवन का निर्माण किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, उत्तराखंड सरकार तथा कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल के माध्यम से बनने वाले इस भवन का विधिवत भूमि पूजन किया गया।

भूमि पूजन कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई, नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए।
महापौर कल्पना देवलाल ने कहा कि छात्रावास बनने से नगर क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं के साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को भी सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी। यह परियोजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने परियोजना को सामाजिक और आर्थिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह बसेड़ा ने बताया कि कामकाजी महिलाओं हेतु छात्रावास का निर्माण महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल है। छात्रावास में सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
