रणजी में उत्तराखंड का ऐतिहासिक कमाल, पहली बार सेमीफाइनल में एंट्री

देहरादून। उत्तराखंड क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी में इतिहास रचते हुए पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री धामी ने टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य के खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी और इससे प्रदेश के खिलाड़ियों का मनोबल व आत्मविश्वास और मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों ने बेहतर टीम भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने उत्तराखंड क्रिकेट संघ को भी इस सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि संघ के निरंतर प्रयासों और मार्गदर्शन का परिणाम आज पूरे प्रदेश को गर्वित कर रहा है।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने सेमीफाइनल मुकाबले के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उत्तराखंड की टीम जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश करेगी और प्रदेश का मान बढ़ाएगी।