49 गांवों को मिलेगा शुद्ध जल, 37 करोड़ की वासुकीनाग पेयजल योजना का डीएम ने किया निरीक्षण

पिथौरागढ़। जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित 37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वासुकीनाग ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना का जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

यह महत्वाकांक्षी योजना विकासखंड गंगोलीहाट के 49 गांवों को शुद्ध एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्रियान्वित की जा रही है। योजना पूर्ण होने पर हजारों ग्रामीणों को दूरस्थ जल स्रोतों से पानी ढोने की समस्या से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के जीवन स्तर में सुधार होगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेराघाट में निर्मित इन्फिल्ट्रेशन वेल का अवलोकन किया। यहां पंपिंग कार्य संतोषजनक पाया गया। उन्होंने अधिकारियों से तकनीकी व्यवस्थाओं, विद्युत आपूर्ति, पंपिंग क्षमता तथा भविष्य की जलापूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने एचटी पैनल कक्ष के नीचे आरसीसी से सुरक्षा दीवार निर्माण के निर्देश दिए, ताकि उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही पाइपलाइन को एंकर ब्लॉक के माध्यम से मजबूती से सुरक्षित करने के निर्देश दिए, जिससे भूस्खलन व प्राकृतिक आपदाओं के दौरान क्षति की आशंका कम हो सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी जनहित की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया कि जिन गांवों को अभी योजना से नहीं जोड़ा गया है, उन्हें भी जोड़ने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार करते हुए वैकल्पिक तकनीकी एवं वित्तीय प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर नल से जल’ का लक्ष्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।