27 सूत्रीय मांगों पर चुप्पी से डिप्लोमा इंजीनियरों में रोष, 18 को धरना, 23 को देहरादून में रैली

पिथौरागढ़। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की पिथौरागढ़ शाखा की बैठक में 27 सूत्रीय लंबित मांगों पर शासन स्तर से कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अनदेखी की जा रही है, जिससे अभियंताओं में आक्रोश है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 18 फरवरी को जनपद मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर 23 फरवरी को देहरादून में विशाल रैली निकाली जाएगी।

बैठक में जनपद अध्यक्ष इ. प्रदीप नेगी, सचिव इ. विवेकानंद बगौली सहित विभिन्न घटक संघों के पदाधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, जल निगम, लघु सिंचाई, कृषि विभाग, जिला पंचायत और प्राधिकरण से जुड़े अभियंताओं ने प्रतिभाग किया।