पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले के पथरकानी निवासी कर्नल जीवन सिंह की बटालियन को बिन्नागुड़ी में उनकी कमान अवधि के दौरान उत्कृष्ट समग्र प्रदर्शन के लिए ईस्टर्न कमांड आर्मी कमांडर का प्रतिष्ठित यूनिट साइटेशन प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से जिले में गर्व और हर्ष का माहौल है।

यह सम्मान बटालियन द्वारा प्रदर्शित उच्चतम व्यावसायिक मानकों, अनुकरणीय अनुशासन और असाधारण परिचालन उपलब्धियों के लिए दिया गया। कर्नल जीवन सिंह के नेतृत्व में बटालियन ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी सुदृढ़ परिचालन तत्परता, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और बेहतर समन्वय का परिचय दिया।
कमान अवधि के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण, प्रशासन, रसद व्यवस्था और परिचालन तैयारियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। नवीन प्रशिक्षण पद्धतियों को अपनाने, नेतृत्व विकास को बढ़ावा देने और सैनिकों के मनोबल व कल्याण को प्राथमिकता देने से बटालियन की युद्ध तत्परता और मिशन निष्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
बिन्नागुड़ी में तैनाती के दौरान बटालियन द्वारा किए गए प्रभावी सुरक्षा उपायों और निरंतर उच्च स्तर के प्रदर्शन ने फॉर्मेशन की परिचालन क्षमता को और सुदृढ़ किया। साथ ही भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं को भी मजबूती प्रदान की।
यूनिट साइटेशन की घोषणा के बाद कर्नल जीवन सिंह के परिवार, उनके पैतृक गांव पथरकानी और पूरे पिथौरागढ़ क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र और भारतीय सेना के लिए गर्व का विषय बताया है।
